प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई की तबीयत बिगड़ी, एम्स रायपुर में भर्ती

शशि मिश्रा


रायपुर। देश की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म सम्मान से अलंकृत वरिष्ठ लोक कलाकार तीजन बाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। इसके बाद उन्हें रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उन्हें न्यूरो सर्जरी वार्ड के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।


जानकारी के अनुसार शुक्रवार को अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत एम्स रायपुर पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें न्यूरो सर्जरी विभाग के आईसीयू में भर्ती कर लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है और आवश्यक उपचार किया जा रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के लिए कुछ जरूरी चिकित्सकीय जांचें की जा रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे के उपचार के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।


तीजन बाई छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकगायन शैली पंडवानी को देश और दुनिया में पहचान दिलाने वाली प्रमुख कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने महाभारत की कथाओं को अपनी अनूठी शैली में प्रस्तुत कर पंडवानी को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है।
उनके कला क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है। उनकी तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही कला और सांस्कृतिक जगत में चिंता की लहर फैल गई है। उनके प्रशंसक और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!