

कोनी थाना क्षेत्र के बड़ी कोनी इलाके में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो बाल अपचारी भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू, डंडा, हॉकी का बल्ला और बेल्ट जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई की रात करीब 9:10 बजे घटना उस समय हुई जब गुरू घासीदास विश्वविद्यालय में बीकॉम एलएलबी की पढ़ाई कर रहा छात्र हर्ष कुमार यादव अपने मित्र सुरेश साहू को हॉस्टल गेट तक छोड़ने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने सुरेश साहू पर हमला कर दिया। हमले में सुरेश को चाकू से पसली और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसे बेल्ट, डंडा, हॉकी और पत्थरों से भी पीटा और उसकी कार में तोड़फोड़ की।
घायल सुरेश को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल एवं सीएसपी सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राहुल तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों —
- अनुराग यादव (उम्र 19 वर्ष),
- संजय बघेल (उम्र 20 वर्ष),
तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, डंडा और हॉकी भी बरामद किया गया।
चारों आरोपियों को 31 जुलाई को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने प्रकरण में अपराध क्रमांक 344/2025 के तहत धारा 115(2), 351(3), 324(4), 109, 191(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) व आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
कोनी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने दोहराया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
