

बिलासपुर के ग्राम हरदी कला टोना में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें एक की मौत हो गई तो वहीं गर्भवती महिला समेत चार लोग घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है । इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। ग्राम हरदी कला टोना में रहने वाले गीता राम साहू का अपने चचेरे भाइयों सुनील, रवि और सागर से जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच कई बार बैठक हुई, मगर सुलह नहीं हो सका।

बुधवार रात करीब 10:00 बजे जमीन पर कब्जे को लेकर एक बार फिर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते ही विवाद मारपीट में तब्दील हो गई। सुनील ,रवि और सागर ने लाठी, तब्बल और सब्बल से गीता राम पर हमला कर दिया। हमले में गीता राम गंभीर रूप से घायल हो गया। झगड़े के दौरान गीता राम के परिवार ने भी पलटवार किया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां चली। बीच बचाव करने आई महिलाये भी इसका शिकार हुई, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। देर रात हुए बलवे के बाद खून से लथपथ लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया। इधर हमले में घायल गीता राम की गुरुवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है , वहीं गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

