बिलासपुर। गुरुनानक चौक और व्यापार विहार मुख्य मार्ग की एंट्री पर रेलवे की ओर से लगाए गए लोहे के गर्डर और ओवरहेड पोल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बाधा बन रहे हैं। संकरी सड़क और मोड़ पर लगे इन पोल-गर्डर के कारण बड़े वाहन आसानी से आवाजाही नहीं कर पाते। इससे पीक ऑवर्स में गुरुनानक चौक, व्यापार विहार और तारबाहर चौराहे के आसपास जाम की स्थिति बन रही है।

कलेक्ट्रेट में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने इन स्थानों की समस्या से अफसरों को अवगत कराया। समिति ने यातायात में बाधक बन रहे गर्डर और पोल को हटाने के लिए रेलवे प्रशासन को पत्र लिखने का फैसला लिया है। इसके साथ ही संबंधित चौराहों पर व्यवस्थित ट्रैफिक सिग्नल लगाने का प्रस्ताव भी रेलवे के सामने रखा जाएगा।

सड़क की चौड़ाई 30 से 40% तक हो रही कम

व्यापार विहार थोक बाजार होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में हल्के और मालवाहक वाहनों की आवाजाही होती है। रेलवे लाइन के पास लगाए गए सपोर्टिंग गर्डर और सुरक्षा पोल से सड़क की प्रभावी चौड़ाई करीब 30 से 40% तक कम हो रही है। संकरे मोड़ पर विजिबिलिटी भी प्रभावित होती है। गुरुनानक चौक, हेमूनगर, तारबाहर और दयालबंद रोड पर भी ट्रैफिक दबाव के चलते जाम की समस्या सामने आती है।

सिग्नल से नियंत्रित होगा ट्रैफिक

यातायात पुलिस रेलवे डीआरएम को पत्र भेजकर संयुक्त निरीक्षण कराने और गर्डर-पोल को हटाने या पीछे शिफ्ट करने की दिशा में कार्रवाई की मांग करेगी। गुरुनानक चौक पर ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम शुरू करने की मांग भी की जाएगी।

रेलवे की सड़कें शहर की व्यस्त सड़कों से जुड़ी हैं। गुरुनानक चौक, व्यापार विहार और दयालबंद जैसे स्थानों पर पोल-गर्डर के कारण ट्रैफिक फ्लो प्रभावित हो रहा है। इसकी जानकारी अफसरों को दी गई है। रेलवे प्रशासन को गर्डर और पोल हटाने के लिए जल्द पत्र लिखा जाएगा।

रामगोपाल करियारे, ASP ट्रैफिक