पैसों के लालच में अपहरण कर गला घोंटकर की थी हत्या, शव को कीचड़ और झाड़ियों में फेंका था; अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। सरपंच चुनाव में हार की रंजिश के चलते ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में तुलसी साहू की हत्या की साजिश रचने के मामले में पुलिस ने 2 और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पैसों के लालच में हत्या की वारदात में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने कुनाल बक्शी (19) और तारकेश्वर बघेल (22), दोनों निवासी साई नगर अमेरी, बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस हत्याकांड में अब तक कुल 7 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 में ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में हुए सरपंच चुनाव में हार के बाद धनीराम साहू ने रंजिश के चलते तुलसी साहू की हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से पहले तुलसी का अपहरण किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में फेंक दिया था।

मामले में पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी धनीराम साहू सहित भुवन साहू, ओमनारायण राजपूत, सुरेंद्र जोशी और टीकाराम साहू को 30 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश के लिए साइबर सेल और सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम जुटी थी।

मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 5 नवंबर को कुनाल बक्शी और तारकेश्वर बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि दोनों ने पैसों के लालच में वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर 6 नवंबर को जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के पर्यवेक्षण और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में की गई। इसमें सरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक यादव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।