डीपूपारा में वारदात, तारबाहर पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा; हथियार जब्त
बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र के डीपूपारा में शराब पीने के लिए 200 रुपये नहीं देने पर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तारबाहर पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। उसके कब्जे से एक धारदार हथियार भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सैकी राम ने शिकायत दर्ज कराई कि 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद वह टहलते हुए डीपूपारा स्थित दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले के एक लड़के ने उससे शराब पीने के लिए 200 रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर लड़के ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और नुकीली वस्तु से हमला कर उसे चोट पहुंचाई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संबंधित विधि से संघर्षरत बालक को थाने बुलाकर उसके कब्जे से एक धारदार हथियार जब्त किया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया।