
### ‘डॉक्टर आपके द्वार’ सेवा शुरू, 136 तरह की जांच मुफ्त ; अटल आरोग्य लैब से 44 हजार से अधिक मरीज लाभान्वित, लटोरी को मिलेगी सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस,,
राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि विशेष रिपोर्ट,,,
दिनांक,13/10/2026,
लोकेशन, सूरजपुर छत्तीसगढ़।।
*सूरजपुर, दिनांक 13 अक्टूबर,2026* जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर मंगलवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिला चिकित्सालय में ‘डॉक्टर आपके द्वार’ एम्बुलेंस सेवा और अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ किया। साथ ही जिला चिकित्सालय में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने, भविष्य में 220 बिस्तरीय अस्पताल के लिए आवश्यक भवन एवं सेटअप उपलब्ध कराने तथा लटोरी में सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस देने की घोषणा की। कमलपुर और चंद्रमेढ़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़े लगभग 75-75 लाख रुपये के विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
### अब मरीजों के द्वार तक पहुंचेगी चिकित्सा सेवा
‘डॉक्टर आपके द्वार’ सेवा के जरिए चिकित्सक जरूरतमंद मरीजों के घर के करीब पहुंचकर स्वास्थ्य परामर्श और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। इससे खासकर ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के उन मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें अस्पताल पहुंचने में कठिनाई होती है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हर जरूरतमंद तक सुलभ और बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी गतिविधियों को गति दी जा रही है।
### अटल आरोग्य लैब में रोजाना 600 से 700 मरीजों की जांच
जिला चिकित्सालय की अटल आरोग्य लैब मरीजों को बड़ी राहत दे रही है। मई 2026 से संचालित इस लैब में 136 प्रकार की चिकित्सकीय जांच निःशुल्क की जा रही हैं। अब तक 44,125 मरीज जांच का लाभ ले चुके हैं। यहां प्रतिदिन 600 से 700 मरीजों के रक्त नमूनों की जांच होती है। आधुनिक मशीनों से जांच की सुविधा मिलने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक परीक्षण कराने का अवसर मिल रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों से आने वाले मरीजों का खर्च घटाने तथा समय पर उपचार शुरू करने में मदद मिल रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने लैब का निरीक्षण कर जांच सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिला चिकित्सालय के वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। इस दौरान डायलिसिस और सीटी स्कैन यूनिट का निरीक्षण किया।
### मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और 220 बिस्तरीय अस्पताल पर जोर
जिले में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने के लिए जिला चिकित्सालय में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने और आगामी समय में 220 बिस्तरीय अस्पताल के लिए आवश्यक भवन एवं सेटअप उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। लटोरी में सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा भी स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। मंत्री ने बताया कि प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। चिकित्सा संस्थानों में सीटी स्कैन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न श्रेणियों के तकनीकी पदों पर भर्ती की पहल की जा रही है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण में सूरजपुर जिले के प्रथम स्थान पर रहने की भी सराहना की।
### रक्तदान से पोषण सहायता तक, जरूरतमंदों को मिला संबल
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में टीबी मरीजों को पोषण आहार किट वितरित की गईं और निक्षय मित्र के रूप में सहयोग करने वालों का सम्मान किया गया। हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड और चश्मे दिए गए, जबकि दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया गया।
अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल सहित अन्य अतिथियों ने पौधरोपण किया। नेचर क्लब और वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर सामाजिक सहभागिता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
### लक्ष्मी राजवाड़े ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर दिया जोर,,
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने ‘डॉक्टर आपके द्वार’ सेवा को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लिए उपयोगी बताते हुए गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय पर जांच, उपचार तथा पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों से शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, वाइस चेयरमैन ओमकार पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, जनपद पंचायत सूरजपुर अध्यक्ष स्वाति सिंह और कलेक्टर रेना जमील सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की इन पहलों के बीच अब सबसे अहम होगा घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन, ताकि आधुनिक उपचार और सुलभ चिकित्सा का लाभ जिले के अंतिम छोर पर बसे जरूरतमंद तक पहुंच सके।*