पानी में डूबने से 52 वर्षीय ईश्वर यादव की मौत, ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने निकाला शव

बिलासपुर। मल्हार क्षेत्र के मेला चौक स्थित कनकन कुएं में गिरने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। बुधवार शाम कुएं के मुहाने पर बैठे ग्रामीण का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

मल्हार के वार्ड क्रमांक 12 नईयापारा निवासी ईश्वर यादव (52) बुधवार शाम करीब 7 बजे अपने एक साथी के साथ मेला चौक स्थित कनकन कुएं के पास बैठा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह कुएं में गिर गया। घटना के बाद उसके साथी और आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में वह पानी में डूब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मल्हार पुलिस पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ईश्वर यादव का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मस्तूरी स्थित मरच्यूरी भेजा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि घटना के समय ग्रामीण शराब के नशे में था, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।