
सूरजपुर डबल मर्डर मिस्ट्री | मां-बेटे की मौत से हड़कंप, हत्या की आशंका के बीच पुलिस जांच तेज,,,
लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़
*रिपोर्टर:* सौरभ साहू
सूरजपुर- जिले में मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। एक ओर शिक्षिका मां का शव उसके घर के बाथरूम में मिला, तो दूसरी ओर उसके 12वीं में पढ़ने वाले बेटे का शव घर से करीब 20 से 25 किलोमीटर दूर महावीरपुर जंगल में मिट्टी में दबा हुआ बरामद हुआ। दोनों के शरीर पर चोट के निशान मिलने की जानकारी सामने आई है, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है। मां-बेटे शुक्रवार से लापता बताए जा रहे थे। आखिर उनके साथ क्या हुआ? किसने इस वारदात को अंजाम दिया? और दोनों के मोबाइल फोन कहां हैं? इन सवालों के जवाब तलाशने में सूरजपुर पुलिस जुटी हुई है।
: जंगल में मिला युवक का शव
दरअसल, शनिवार 10 अक्टूबर को जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर जंगल में एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध हालत में मिट्टी में दबा हुआ मिला। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान करने के साथ मामले की जांच शुरू की। पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी ही थी कि देर रात एक और जानकारी सामने आई, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।
###: घर में मिली शिक्षिका की लाश
विश्रामपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि केशवनगर में रहने वाली एक शिक्षिका और उनका बेटा शुक्रवार से लापता हैं। पुलिस जब शिक्षिका के किराए के मकान में पहुंची, तो वहां बाथरूम में उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इसके बाद महावीरपुर जंगल में मिले युवक के शव की पहचान शिक्षिका के बेटे सुजल बैराठ के रूप में हुई। इस तरह एक ही परिवार के मां-बेटे की मौत का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
15 साल से केशवनगर में रह रही थीं शिक्षिका
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका रजनी बैराठ मूल रूप से जांजगीर जिले की रहने वाली थीं। वह पिछले करीब 15 वर्षों से केशवनगर में किराए के मकान में अपने बेटे सुजल बैराठ के साथ रह रही थीं।
रजनी बैराठ सूरजपुर से लगे ग्राम पंचायत बेलटीकरी मिडिल स्कूल में शिक्षिका थीं, जबकि उनका बेटा सुजल कार्मेल स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। बताया गया है कि शिक्षिका तलाकशुदा थीं और मां-बेटे घर में अकेले रहते थे।स्थानीय लोगों के अनुसार, मां-बेटे शुक्रवार से दिखाई नहीं दे रहे थे। इसके बाद पुलिस को उनके लापता होने की सूचना दी गई।
चोट के निशान, के साथ मोबाइल भी गायब ,,,,
इस मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, मां और बेटे के शवों पर शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान मिले हैं। दोनों के मोबाइल फोन भी गायब बताए जा रहे हैं। हालांकि, चोटों की प्रकृति, मौत का वास्तविक कारण और मोबाइल फोन गायब होने की परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटा रही है। वहीं घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस विभिन्न संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।।
कई अनसुलझे सवाल सामने पुलिस के लिए चुनौती,,,
फिलहाल इस पूरे मामले में कई सवाल अनसुलझे हैं। मां का शव घर के भीतर और बेटे का शव जंगल में मिट्टी में दबा हुआ मिलने की परिस्थितियां पुलिस जांच के केंद्र में हैं। दोनों की मौत कैसे हुई, इसके पीछे किसका हाथ है और घटना के पीछे क्या वजह रही—इन सभी सवालों का जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पुलिस की जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। सूरजपुर से इस दोहरी मौत के मामले में हर महत्वपूर्ण अपडेट पर हमारी नजर बनी रहेगी।।