
बिलासपुर, 22 जून। सरकंडा पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 11 महंगे स्मार्टफोन, दो हाथ घड़ियां और नकदी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला जोरापारा निवासी तारकेश्वर साहू के घर में हुई चोरी से जुड़ा है। प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 जून की रात अज्ञात चोर उनके कमरे से श्याओमी और सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन, दो हाथ घड़ियां तथा नकदी चोरी कर ले गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में नूतन चौक के पास घूम रहा है। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी निखिल सोनी (24) को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी गए दोनों मोबाइल, घड़ियां और नकदी बरामद कर ली गई।

दूसरे मामले में अशोक नगर निवासी रामनारायण मिंज ने घर से पोको और मोटोरोला कंपनी के स्मार्टफोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने संदेही महेश मानिकपुरी उर्फ सोनू (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने खुलासा किया कि वह गांजा सेवन और महंगे मोबाइल रखने का शौकीन है तथा इसी शौक को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पूछताछ में आरोपी ने अशोक नगर, खमतराई, स्वर्णिमा कॉलोनी और बगदई मंदिर क्षेत्र के सूने मकानों एवं मजदूरों के कमरों से सिलसिलेवार तरीके से नौ स्मार्टफोन चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वीवो, पोको, मोटोरोला, ओप्पो, रियलमी और इंफिनिक्स कंपनी के कुल नौ मोबाइल फोन बरामद कर लिए, जिनकी कीमत 52 हजार 499 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बिलासपुर के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सरकंडा थाना पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।