बिलासपुर। घरेलू रसोई गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी को लेकर अंतिम चरण में कवायद तेज हो गई है। केंद्र सरकार के निर्देश के तहत उपभोक्ताओं को 30 सितंबर तक बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन के जरिए ई-केवाईसी कराना जरूरी है। बिलासपुर जिले में करीब 4.83 लाख घरेलू गैस कनेक्शनों में से 4.03 लाख यानी करीब 80% कनेक्शनधारियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। करीब 80 हजार उपभोक्ताओं का सत्यापन अब भी बाकी है।
जिले में इंडियन ऑयल के करीब 1.80 लाख, एचपीसीएल के 1.52 लाख और बीपीसीएल के 1.51 लाख घरेलू गैस कनेक्शन हैं। वर्तमान में सामान्य घरेलू कनेक्शन पर 61 रुपए और उज्ज्वला कनेक्शन पर 361 रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को सब्सिडी जारी रहने में परेशानी हो सकती है और उन्हें सिलेंडर बाजार दर पर लेना पड़ सकता है।
घर बैठे भी करा सकते हैं ई-केवाईसी
उपभोक्ता सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी बॉय के मोबाइल एप के जरिए मौके पर ही बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं। इसके अलावा अपनी संबंधित LPG एजेंसी पर जाकर भी सत्यापन कराया जा सकता है। उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे भी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं।
एलपीजी विक्रय प्रमुख मो. आमीन मंडल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनका ई-केवाईसी अब तक नहीं हुआ है, वे 30 सितंबर की अंतिम तारीख से पहले सत्यापन जरूर करा लें, ताकि सब्सिडी मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो।