यूनुस मेमन

बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए तीन शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 3,200 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
21 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांधीनगर रतनपुर क्षेत्र में तीन व्यक्ति अपने घर में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांधीनगर में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान कमलेश निर्मलकर के घर पर दबिश दी गई, जहां कमलेश निर्मलकर उर्फ गोलू (30 वर्ष), जयकिशन निर्मलकर उर्फ लल्ला (34 वर्ष) और संजय गोंड़ (32 वर्ष) कच्ची महुआ शराब को पाउच में भरकर बेचते मिले।
पुलिस ने मौके से 16 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली तथा आरक्षक धनराज कुम्भकार, आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।