यूनुस मेमन

बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने आम रास्ते पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे थाना रतनपुर को सूचना मिली कि बैरागबन करैहापारा क्षेत्र के सार्वजनिक मार्ग पर एक युवक धारदार लोहे का चाकू लेकर खड़ा है और आने-जाने वाले राहगीरों को चाकू दिखाकर भयभीत कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी विष्णु यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया और थाने लाकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम विष्णु साहू (26 वर्ष) पिता कौशल साहू, निवासी टेकर, थाना सीपत, जिला बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
रतनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह एवं आरक्षक धनराज कुम्भकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।