खुद को बड़े रेल अधिकारियों का करीबी बताकर फंसाया, 'इकबाल इंटरप्राइजेस' के बैंक खातों में जमा कराई रकम; सिटी कोतवाली में धोखाधड़ी का केस दर्ज

बिलासपुर। रेलवे में टीटीई की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक निजी कंपनी के सेल्समैन से 13 लाख रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को रेलवे के बड़े अधिकारियों का करीबी बताकर पीड़ित को भरोसे में लिया और करीब 10 महीने तक अलग-अलग किस्तों में रकम अपने फर्म के बैंक खातों में जमा कराई। नौकरी नहीं मिलने और आरोपी के संपर्क तोड़ने पर पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के ग्राम लोहरापार निवासी रविकांत यादव (30) दयालबंद चौक के पास रहते हैं। वे पिछले 6 साल से एग्रीकल्चर सेक्टर में सेल्स मार्केटिंग का काम कर रहे हैं। 18 नवंबर 2024 की शाम उनके मोबाइल पर इमरान इकबाल नामक व्यक्ति का फोन आया। बातचीत के दौरान आरोपी ने दावा किया कि रेलवे विभाग के बड़े अधिकारियों से उसकी अच्छी पहचान है और वह रविकांत को सीधे टीटीई की नौकरी दिलवा सकता है। उसकी बातों में आकर रविकांत ने नौकरी के लिए रकम देना स्वीकार कर लिया।

किस्तों में अपने खातों में मंगाई रकम

आरोप है कि इमरान इकबाल ने भुगतान के लिए गूगल पे और फोन पे का इस्तेमाल किया। उसने 'इकबाल इंटरप्राइजेस' के नाम से संचालित बैंक खातों में रकम जमा कराई। 9 दिसंबर 2024 को खाते की जांच के नाम पर पहले 100 रुपए ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद उसी दिन 1.90 लाख रुपए और 11 दिसंबर को 2.18 लाख रुपए जमा कराए गए।

इसी तरह जनवरी से मार्च 2025 के बीच भी अलग-अलग किस्तों में रकम ली गई। इनमें 1.49 लाख, 1 लाख, 90 हजार रुपए और 30-30 हजार रुपए की कई किस्तें शामिल थीं। इस तरह पीड़ित से कुल 13 लाख रुपए से अधिक की रकम लिए जाने की शिकायत की गई है।

नौकरी नहीं मिली तो फोन उठाना किया बंद

रकम देने के काफी समय बाद भी रविकांत को रेलवे में नियुक्ति के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने आरोपी से पैसे वापस मांगने शुरू किए। आरोप है कि इमरान इकबाल ने फोन उठाना बंद कर दिया और संपर्क तोड़ लिया। खुद को ठगी का शिकार महसूस करने पर रविकांत ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।