बिलासपुर। कोनी थाना पुलिस ने रात्रि में घरों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं में चोरी गया सोना-चांदी, 2 मोटरसाइकिल, मोबाइल, नगदी और वारदात में इस्तेमाल लोहे का सब्बल समेत कुल ₹4,81,488 का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार कोनी थाना क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर 2026 की रात अलग-अलग स्थानों पर घरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी की गई थी। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक अपचारी बालक को पकड़ा।

पूछताछ में बालक ने अपने साथियों राहुल यादव (22), भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया (20) और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव (28) के साथ मिलकर तीनों वारदातों को अंजाम देना बताया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रात में अंधेरे का फायदा उठाकर घरों का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण, 2 मोटरसाइकिल, ओप्पो मोबाइल, ₹6,700 नगद और घटना में इस्तेमाल लोहे का सब्बल बरामद किया। बरामद सामान की कुल कीमत ₹4,81,488 बताई गई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने कार्रवाई को तीनों चोरी के मामलों के सफल खुलासे के साथ चोरी गए मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी बताया है।