गिरजाबंद मंदिर रोड पर चाकू लेकर लोगों को धमकाने का आरोप, सिलदहा चौक में नशे की हालत में शांति भंग करने वाले पर भी कार्रवाई

बिलासपुर। रतनपुर के गिरजाबंद मंदिर रोड पर राहगीरों को धारदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चाकू भी बरामद किया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को सूचना मिली थी कि गिरजाबंद मंदिर रोड पर एक व्यक्ति चाकू लहराकर राहगीरों को धमका रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रवि उर्फ विक्की विश्वकर्मा (37), निवासी रेस्ट हाउस के पास रतनपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुआ।

इसी दिन रतनपुर पुलिस ने सिलदहा चौक में पेट्रोलिंग के दौरान नशे की हालत में हंगामा कर शांति भंग करने के आरोप में अभिषेक डगर्जी (19), निवासी सिलदहा को भी पकड़ा। उसके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर तहसील न्यायालय में पेश किया गया।

दोनों मामलों में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल आर., आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर और राजेन्द्र साहू की भूमिका रही।