देर रात तक मोबाइल बंद मिलने पर पत्नी ने थाने में जताई अपहरण की आशंका, पुलिस तलाश में जुटी थी
बिलासपुर। मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी निवासी और लोफंदी हल्का में पदस्थ पटवारी अभिषेक सिंह शनिवार सुबह अचानक लापता हो गए। ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकले अभिषेक का मोबाइल बंद मिलने और देर रात तक वापस नहीं लौटने पर उनकी पत्नी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से पति का पता लगाने की गुहार लगाई। हालांकि, पुलिस तलाश में जुटी थी, इसी बीच अभिषेक सिंह अपने घर लौट आए।
जानकारी के अनुसार, होली क्रॉस स्कूल में पीटी शिक्षिका यशोदा सिंह के पति अभिषेक सिंह शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकले थे। उन्होंने ड्यूटी पर जाने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए। काफी देर तक संपर्क नहीं होने के बाद उनकी पत्नी ने पुलिस को सूचना दी।
राजस्व विभाग में मची हलचल
राजस्व विभाग में पदस्थ पटवारी के अचानक लापता होने की सूचना से विभाग में भी हलचल मच गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन की जानकारी जुटाने के साथ संभावित ठिकानों पर पतासाजी शुरू की थी। पत्नी की शिकायत में अपहरण की आशंका जताए जाने के कारण पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही थी।
आपसी विवाद के बाद घर से चले गए थे
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद के बाद अभिषेक सिंह घर से चले गए थे। बाद में वह स्वयं अपने घर लौट आए। उनके वापस आने से परिजनों ने राहत की सांस ली। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।