अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पकड़े गए वारंटी, सभी को न्यायालय में किया गया पेश

बिलासपुर। फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत सकरी पुलिस ने एक ही दिन में 6 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी को पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद सभी वारंटियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से 6 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार वारंटियों में घुरू निवासी प्रिंस उर्फ केवड़ा सूर्यवंशी (20), गोकुलधाम घुरू निवासी रामाशंकर यादव (20) और राजू यादव (27), अमेरी बाजार चौक निवासी शिव कुमार लहरे (46), सकर्रा निवासी पृथ्वी कुमार सूर्यवंशी (21) तथा अटल आवास सकरी निवासी सन्नी दास मानिकपुरी (22) शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों के न्यायालय में पेश नहीं होने के कारण उनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किए गए थे। सकरी पुलिस ने वारंटों की तामिली करते हुए सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक संजय सिंदे, आरक्षक मनोज बघेल, नर्मदाराम साहू, राजकुमार मधुकर, जीना अनंत और महिला आरक्षक प्रीति शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।