
बिलासपुर। फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत सकरी पुलिस ने एक ही दिन में 8 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 6 स्थायी वारंटी और 2 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। पुलिस ने सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर वारंटियों को पकड़ा।
पुलिस की कार्रवाई में दीपक यादव उर्फ पीपी (22), निवासी सकरी, राकेश टोंडे (30), निवासी सकर्रा थाना हिर्री, धरम उर्फ काछी रजक (17), निवासी मंगला, रिया जैन (26) और सत्या मोटर्स एंड ट्रैक्टर्स के प्रोपराइटर सुनील जैन सहित अन्य वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक संजय सिंदे, उप निरीक्षक टीकाराम निषाद, अर्चना साहू सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।