एफआईआर दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर हिर्री पुलिस ने की कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम खरकेना में पड़ोसी महिला से छेड़छाड़ करने और बीच-बचाव करने पहुंचे उसके ससुर के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना 12 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे की है। आरोपी को 13 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके पड़ोसी विकास चतुर्वेदी ने उसे बेइज्जत करने की नीयत से उसका हाथ-बांह पकड़ा। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उसके ससुर के साथ भी आरोपी ने मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के निर्देश पर हिर्री पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और पीएसआई लीलाधर देशमुख के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास चतुर्वेदी (19), निवासी ग्राम खरकेना, को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, पीएसआई उषा निषाद, सहायक उपनिरीक्षक दिवाकर सिंह और आरक्षक जितेंद्र कुमार जगत की विशेष भूमिका रही।