बिलासपुर। तारबाहर क्षेत्र में शराब के नशे में पड़ोसी के घर घुसकर दंपती से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी किशन आडिल निगरानी बदमाश बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, तारबाहर निवासी महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे वह अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान उसका पड़ोसी किशन आडिल (28) शराब के नशे में उसके घर में घुस आया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए महिला का गला दबाया और उसका हाथ मरोड़ दिया।

महिला ने घटना की जानकारी अपने पति को दी। पति के घर पहुंचने पर उसने आरोपी का विरोध किया, जिसके बाद किशन ने उसके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची आरोपी की पत्नी रानी आडिल (21) ने भी महिला के साथ मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद तारबाहर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी किशन आडिल और उसकी पत्नी रानी आडिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।