
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक से गाली-गलौज कर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक के साथ हाथ-मुक्का, डंडे और बेल्ट से मारपीट की थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को इमलीभाठा जोगी आवास निवासी शनि कुमार बंजारे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गोल बाजार में ईद का त्योहार देखने गए थे। वापस लौटते समय विनित श्रीवास ने उन्हें गणेश अस्पताल के पास बुलाया, जहां वह गार्ड का काम करता है। बताया गया कि विनित ने पूर्व में घरेलू काम के लिए शनि से पैसे लिए थे और इसी रकम को लौटाने के संबंध में दोनों के बीच बातचीत हो रही थी।
इसी दौरान पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विनित श्रीवास ने अपने साथी किशन ध्रुव के साथ मिलकर शनि कुमार बंजारे से अश्लील गाली-गलौज की और हाथ-मुक्का, डंडे तथा बेल्ट से मारपीट कर दी। मारपीट में शनि को चोटें आईं। चिकित्सकीय परीक्षण में सामान्य चोटें पाए जाने की बात पुलिस ने बताई है।
पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा थाना में अपराध क्रमांक 1210/2026 दर्ज कर धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सरकंडा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनित कुमार श्रीवास (26) और किशन ध्रुव (29), दोनों निवासी डबरीपारा उस्लापुर, थाना सकरी, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की है। इसके साथ ही पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।