बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा रोड के पास हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का एक धारदार चाकू बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि नयापारा रोड सिरगिट्टी के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
निर्देश के बाद थाना सिरगिट्टी पुलिस टीम नयापारा रोड पहुंची। पुलिस को आता देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार लहरे (33), पिता लतेलराम लहरे, निवासी चुचुहियापारा गणेश नगर, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार लोहे का चाकू जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 640/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस द्वारा की गई। पुलिस ने कहा है कि अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।