बिलासपुर। वाहन की नंबर प्लेट पर कागज, टेप, मैग्नेट, स्टीकर, कपड़ा, पॉलीथिन या पेंट लगाकर नंबर छिपाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की है। अभियान के तहत अब तक 724 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 7 लाख 24 हजार रुपए का चालान शुल्क लगाया गया है। कई मामलों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि कुछ प्रकरणों में स्थानीय पुलिस के माध्यम से आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने के कई तरीके सामने आए हैं। कुछ वाहन चालक नंबर प्लेट पर कागज, टेप, मैग्नेट, स्टीकर, कपड़ा या पॉलीथिन लगाकर नंबर छिपा रहे हैं, जबकि कुछ नंबर प्लेट को मोड़कर या पेंट के जरिए नंबर अस्पष्ट कर वाहन चला रहे हैं। चालान से बचने के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयासों के खिलाफ यातायात पुलिस ने शहर में सघन चेकिंग शुरू की है।
यातायात पुलिस के सभी पॉइंट और तैनात बल को नंबर प्लेट छिपाकर चलने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बिना नंबर प्लेट या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहन की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से अन्य यातायात पॉइंट और संबंधित थानों को दी जा रही है, ताकि वाहन को आगे के चौक-चौराहे पर रोका जा सके।
पुलिस का कहना है कि नंबर प्लेट छिपाने से वाहन की पहचान में परेशानी होती है और ऐसी स्थिति में अपराध या चोरी के वाहनों की जांच भी प्रभावित हो सकती है। कार्रवाई के दौरान कई मामलों को न्यायालय में पेश कर आर्थिक दंड कराया गया है। कुछ मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को जेल भी भेजा गया है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहनों में स्पष्ट और नियमानुसार नंबर प्लेट लगाएं। नंबर प्लेट के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ या उसे छिपाने से बचें। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।