
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में साइंस कॉलेज से शनिचरी बाजार जाने वाले मार्ग पर निर्माणाधीन नाले में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले नाले के पास एक व्यक्ति शराब के नशे में बैठा हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद अब उसी स्थान के निर्माणाधीन नाले से एक व्यक्ति का शव बरामद होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि शव संभवतः उसी व्यक्ति का हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी मृतक की पहचान की पुष्टि नहीं की है और न ही मौत के कारण को लेकर कोई निष्कर्ष सामने आया है।
पुलिस ने शव को सिम्स अस्पताल की मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक की पहचान के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह नाले में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मामले की जांच में जुटी है। पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।