बिलासपुर। एनटीपीसी में नौकरी लगाने का झांसा देकर बेरोजगार युवकों से पैसे लेने वाले आरोपी को मोपका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नेताओं से जान-पहचान होने का दावा कर नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग लोगों से रकम ली थी।

मामले में लगरा निवासी रथ लाल लहरी ने 14 सितंबर 2026 को मोपका चौकी में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह 12वीं और ITI की पढ़ाई कर चुका है। गांव के ही सुमित केंवट ने जुलाई 2025 में उसे एनटीपीसी में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इसके लिए ₹50,000 की मांग की। आरोपी की बातों पर भरोसा कर रथ लाल ने तत्काल ₹34,000 PhonePe के जरिए दे दिए। साथ ही अपने ITI और स्कूली प्रमाण पत्र भी आरोपी को सौंप दिए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इसी तरह फरहदा निवासी विमल केवट से ₹65,000, कंचनपुर निवासी ईश्वर केवट से ₹50,000, संजय केवट से ₹40,000 तथा लगरा निवासी सूर्य प्रकाश केवट से ₹24,000 नौकरी लगाने के नाम पर लिए थे।

शिकायत के आधार पर मोपका चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 1322/26, धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी सुमित केंवट पिता राजकुमार केवट, उम्र 28 वर्ष, निवासी लगरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने ठगी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।