
बिलासपुर। मुंगेली नाका में रविवार देर रात रांग साइड जाकर स्कूटी को टक्कर मारने वाले बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार के भी घायल होने की जानकारी है। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइन टीआई किशोर केंवट ने बताया कि 4 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे लिंगियाडीह निवासी भरत साहू (28) पिता शत्रु प्रसाद साहू बाइक से मुंगेली नाका की ओर जा रहा था। पुलिस के अनुसार, वह तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए रांग साइड पेट्रोल पंप की ओर चला गया और सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर में बाइक सवार भरत साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।