जूस मशीन, डीप फ्रीजर और फर्नीचर सहित पूरा सामान जला; पार्क की जमीन पर दुकान विस्तार के आरोप, कार्रवाई पर सवाल
बिलासपुर। मुंगेली नाका स्थित स्विमिंग पूल कैंपस में संचालित अरोमा जूस सेंटर में सोमवार शाम अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जूस मशीन, डीप फ्रीजर, फर्नीचर सहित दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान का सामान पूरी तरह जल चुका था।
बताया जा रहा है कि जूस सेंटर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की यह तीसरी घटना है। आग लगने के दौरान दुकान से तेज लपटें निकलने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार सेंटर में जूस बनाने के लिए कई भारी विद्युत उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है। इसके चलते बार-बार विद्युत संबंधी समस्या सामने आने की बात कही जा रही है।
दो शटर की अनुमति, पार्क के बड़े हिस्से में दुकान विस्तार का आरोप
स्विमिंग पूल परिसर में जूस सेंटर के संचालन को लेकर पहले से भी सवाल उठते रहे हैं। आरोप है कि दुकान संचालक ने निगम से दो शटर की अनुमति ली थी, लेकिन बाद में दुकान का विस्तार कर पार्क के बड़े हिस्से में कब्जा कर लिया गया। जिस स्थान पर पहले पार्क था, वहां अब जूस सेंटर संचालित हो रहा है। यहां जूस के साथ फास्टफूड भी बेचे जाने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान के विस्तार और पार्क की जमीन के इस्तेमाल की जानकारी नगर निगम तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को होने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। आग की तीसरी घटना के बाद अब विद्युत सुरक्षा और दुकान के संचालन को लेकर भी जांच की मांग उठ रही है।