बिलासपुर। चकरभाठा ओवरब्रिज के पास बटनदार चाकू लहराकर आम लोगों को भयभीत करने वाले 2 युवकों को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से धारदार बटनदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को सूचना मिली थी कि चकरभाठा ओवरब्रिज के पास 2 युवक धारदार चाकू लहराकर लोगों को डरा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शनि ध्रुव (23), निवासी विकास नगर चकरभाठा और शुभम वर्मा (30), निवासी वर्मा मोहल्ला चकरभाठा को पकड़ा।
पुलिस ने दोनों के पास से बटनदार चाकू जब्त कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय बिल्हा में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों, नशाखोरी, अड्डेबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या अपराध की सूचना डायल 112 अथवा चकरभाठा थाना में देने की अपील की है।