मुंगेली। पुलिस थानों में जब्त संपत्ति और केस प्रापर्टी के सुरक्षित एवं व्यवस्थित प्रबंधन के लिए मुंगेली जिले में ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम की शुरुआत की गई है। बिलासपुर संभाग में पहली बार यह व्यवस्था मुंगेली जिले के दो थानों जरहागांव और फास्टरपुर में लागू की गई है। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने 27 अगस्त को दोनों थानों में इस डिजिटल प्रणाली का शुभारंभ किया।
नई व्यवस्था के तहत अब विभिन्न अपराधों, मर्ग और अन्य प्रकरणों में जब्त की गई सामग्री का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। प्रत्येक केस प्रापर्टी को यूनिक बारकोड दिया जाएगा, जिसे स्कैन कर संबंधित सामान की पहचान, रिकॉर्ड और ट्रैकिंग की जा सकेगी।
पुलिस के अनुसार, थानों के मालखानों में बड़ी संख्या में विभिन्न प्रकार की जब्त सामग्री रखी जाती है। इनमें नकदी, वाहन, हथियार, एनडीपीएस और आबकारी एक्ट से संबंधित सामग्री सहित अन्य केस प्रापर्टी शामिल होती है। अब इन सभी सामग्रियों का रिकॉर्ड डिजिटल सिस्टम में संधारित किया जाएगा। इससे किसी प्रकरण से संबंधित सामान की जानकारी जरूरत पड़ने पर कम समय में उपलब्ध हो सकेगी।
पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने में मिलेगी मदद
ई-मालखाना सिस्टम से मालखाने में रखी केस प्रापर्टी के रिकॉर्ड को अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। बारकोड के जरिए सामान की पहचान और उसकी जानकारी डिजिटल माध्यम से आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। इससे रिकॉर्ड के रख-रखाव में होने वाली कठिनाइयां कम होंगी और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सुविधा मिलेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक, तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार नई पहल की जा रही है। ई-मालखाना सिस्टम को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
तकनीक आधारित पुलिसिंग पर जोर
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि बिलासपुर रेंज में पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने और लंबित कार्यों के त्वरित एवं व्यवस्थित निराकरण पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम का लागू होना मुंगेली पुलिस की आधुनिक और तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
पुलिस के मुताबिक, आने वाले समय में जिले के अन्य थानों में भी तकनीक के उपयोग को बढ़ाते हुए पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।