बिलासपुर। शहर में तेज और कर्कश आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 28 बुलेट और स्पोर्ट्स बाइक समेत कुल 31 दोपहिया वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। सभी प्रकरण न्यायालय भेजे जा रहे हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार शहर के अलग-अलग यातायात बीट क्षेत्रों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलने वाले वाहनों की तलाश कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे साइलेंसर से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार लोगों को परेशानी हो सकती है।

पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाली दुकानों पर भी कार्रवाई की है और संचालकों को इन्हें बेचने से बचने की हिदायत दी गई है। पुलिस के मुताबिक दूसरे स्थानों से ऐसे साइलेंसर मंगाकर बेचने और वाहनों में लगाने वालों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। गैराज संचालकों को भी वाहनों में अनधिकृत बदलाव या मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने से बचने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा पाए जाने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न या अत्यधिक तेज आवाज करने वाले उपकरण न लगाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन में अनधिकृत बदलाव कर तेज आवाज करने वाले साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।