बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में महिला से छेड़खानी, अश्लील कमेंट और गाली-गलौज करने वाले 2 युवकों को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर महिला के साथ बदसलूकी और विरोध करने पर हाथापाई करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार लालखदान निवासी महिला ने 14 सितंबर को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि मोहल्ले के केशव निषाद और परमेश्वर उर्फ परमेश निषाद उसे देखकर अश्लील कमेंट और इशारे करते थे। महिला ने जब इसका विरोध किया तो दोनों ने कथित तौर पर बुरी नीयत से उसका हाथ और बांह पकड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ हाथापाई की।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तोरवा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लालखदान मस्जिद के पास रहने वाले केशव निषाद (20) और शिव मंदिर के पास केंवटपारा निवासी परमेश्वर उर्फ परमेश निषाद (21) को 16 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।