बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह स्थित अपोलो चौक के पास महिला मित्र को घर लाने की बात पर हुए विवाद में चाचा ने अपने सगे भतीजे के सीने में धारदार हथियार घोंपकर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी को सरकंडा पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सब्जी काटने वाला धारदार हथियार भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर की रात करीब 11:50 बजे की है। घर में रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन जागे। रवि निषाद अपने बड़े भाई धनीराम निषाद उर्फ कुदन के कमरे की ओर पहुंचा तो आरोपी हाथ में खून से सना धारदार हथियार लेकर बाहर निकल रहा था। कमरे के अंदर अमित निषाद लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा मिला। उसके सीने पर गंभीर चोट थी। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल अमित को 108 एंबुलेंस से सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला मित्र को घर लाने पर होता था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अमित अपनी महिला मित्र को अक्सर घर लेकर आता था। इसे लेकर उसके चाचा धनीराम निषाद उर्फ कुदन को आपत्ति थी। इसी बात पर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। घटना की रात भी इसी मुद्दे पर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने सब्जी काटने वाले धारदार हथियार से अमित के सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

फरार होने की कोशिश में था आरोपी

हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। घटनास्थल का फोरेंसिक टीम, एफएसएल टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से निरीक्षण किया गया। परिजनों और गवाहों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी धनीराम निषाद उर्फ कुदन (38), निवासी अपोलो चौक, लिंगियाडीह को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।