लोरमी। खुड़िया डेम के पास मोटरसाइकिल चोरी के मामले में लोरमी पुलिस ने 26 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 2.10 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार बिलासपुर के मंगला निवासी चंद्रशेखर पटेल 17 सितंबर को अपनी मां के साथ मोटरसाइकिल से खुड़िया डेम घूमने गए थे। उन्होंने अपनी बाइक खुड़िया बांध के पास खड़ी की थी। करीब एक घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। आसपास तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर 18 सितंबर को लोरमी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर अमलडीही निवासी चरन कुर्रे (22) और अमित चेलकर (21) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने खुड़िया डेम से बाइक चोरी करने के साथ ही अन्य स्थानों से 5 और मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी चरन कुर्रे के घर से 3 और अमित चेलकर के घर से 3 मोटरसाइकिल बरामद कीं। इनमें हीरो एचएफ डीलक्स और होंडा साइन समेत कुल 6 बाइक शामिल हैं। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर दोनों आरोपियों को 19 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।