
बिलासपुर। सिम्स चौक स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्री लक्ष्मी नारायण को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
देवस्थानम् श्री लक्ष्मी नारायण सेवा संघ के अनुसार, मंदिर में अन्नकूट भंडारे की परंपरा पिछले 150 वर्षों से निरंतर चली आ रही है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होकर भगवान के दर्शन करते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं।
गोवर्धन पूजा का संबंध भगवान श्रीकृष्ण की उस लीला से है, जब उन्होंने इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। वहीं अन्नकूट का अर्थ अन्न का पर्वत है। इस दिन भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाकर अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है।
मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर भगवान के दर्शन करने और अन्नकूट भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।