बिलासपुर। कोनी स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास मंगलवार शाम लावारिस बोरे में मानव शव होने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने बोरे से तेज दुर्गंध आने और उसमें शव होने की आशंका जताते हुए करीब 7 बजे कोनी पुलिस को सूचना दी। हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस के साथ एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बोरे को खोला गया तो उसमें मानव शव के बजाय मरा हुआ कुत्ता मिला। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। कोनी थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मृत कुत्ते को बोरे में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया था। कई दिनों से पड़े रहने के कारण शव सड़ गया था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने एहतियात के तौर पर डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया। डॉग मास्टर स्निफर डॉग के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। जांच के बाद बोरे में कुत्ते का शव होने की पुष्टि हो गई। पुलिस ने मृत कुत्ते के शव को गड्ढा करवाकर सुरक्षित दफना दिया। इसके बाद मौके पर मची अफरातफरी शांत हुई।