15 नवंबर दोपहर से 16 नवंबर दोपहर तक लागू रहेगी यातायात व्यवस्था, व्रतियों के वाहनों को घाट तक जाने की मिलेगी अनुमति

बिलासपुर। छठ महापर्व के अवसर पर तोरवा स्थित छठ घाट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने आवागमन की विशेष व्यवस्था बनाई है। 15 नवंबर की दोपहर से 16 नवंबर की दोपहर तक छठ घाट और आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव रहेगा। इसे देखते हुए भारी वाहनों के लिए डायवर्सन, छोटे वाहनों के लिए नो एंट्री और श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार सरकंडा और मोपका क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारी वाहनों का डायवर्सन चिल्हाटी मोड़, मोपका तिराहा और बजरंग चौक (राजकिशोर चौक) से किया जाएगा। रवि रिसोर्ट के पास फोर व्हीलर और थ्री व्हीलर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि दौरीधारी व्रतियों के वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अन्य श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए रवि रिसोर्ट के पास खेल परिसर, छठ घाट तिराहे के पहले और बाद के वन मैदान, आश्रम परिसर के पास नदी किनारे वन भूमि तथा छठ घाट से लगे वन मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्रयास स्कूल भवन के पास रिजर्व पार्किंग भी बनाई गई है।

गुरुनानक चौक की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारी वाहनों का डायवर्सन दर्रीघाट और महामंद चौक से किया जाएगा। फोर व्हीलर और थ्री व्हीलर वाहनों को गांधी चौक, जगमल चौक, गुरुनानक चौक और पेट्रोल पंप तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। पेट्रोल पंप तिराहे पर छोटे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यहां भी केवल दौरीधारी व्रतियों के वाहनों को घाट तक जाने की अनुमति होगी। अन्य वाहनों के लिए धान मंडी परिसर और मंडी परिसर के अंदर पार्किंग निर्धारित की गई है।

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और नागरिकों से अपील की है कि छठ महापर्व के दौरान यथासंभव छोटे वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और डायवर्सन एवं नो एंट्री के निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से दौरीधारी व्रतियों को घाट तक पहुंचने में सहयोग देने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवागमन के रास्तों में कहीं भी वाहन खड़ा न करें, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को परेशानी न हो।