बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में राहगीर से मोबाइल झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वीवो कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को राकेश विश्वकर्मा ग्राम मंझगांव से मोटरसाइकिल पर बिजली का सामान लेने कोटा आ रहे थे। इसी दौरान लालपुर मोड़ के पास दो युवकों ने उनका मोबाइल झपट लिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई की। इस दौरान श्याम लाल ध्रुव (27), निवासी बोईरखोली कोटा और रुपेश कुमार (24), निवासी ग्राम पोंडी को पकड़ा गया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से वीवो कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया।

इधर, कोटा पुलिस ने यातायात जागरूकता अभियान के तहत भी कार्रवाई जारी रखी। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 09 लोगों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 129/194 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 13 लोगों के खिलाफ धारा 122/177 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, प्रधान आरक्षक/उप निरीक्षक भूपेश देहरी, आरक्षक 491 सोम कुमार उइके और महिला आरक्षक 933 दीपिका लोनिया की विशेष भूमिका रही।