बिलासपुर। कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार के सामने दोपहर करीब 2:30 बजे पारिवारिक विवाद सड़क पर पहुंच गया। ऑटो से सामान उतारने को लेकर ननद और भाभी के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों महिलाओं के बीच हुई झूमाझटकी का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका VIDEO अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार अकलतरा क्षेत्र की एक युवती ने बिलासपुर के सकरी-परसदा निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों के 2 बच्चे हुए। महिला का आरोप है कि पारिवारिक विवाद के चलते उसे ससुराल से अलग होना पड़ा। उसने नौकरी और रहने की व्यवस्था होने तक बच्चों को पति और सास के पास छोड़ने का निर्णय लिया था।
महिला के मुताबिक, वह ऑटो से वापस लौट रही थी। इसी दौरान उसकी ननद भी ऑटो में सवार हो गई। कलेक्टोरेट के पास सूटकेस उतारने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर ऑटो चालक ने दोनों को सड़क पर उतार दिया, जहां कहासुनी मारपीट में बदल गई।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान बाइक से पहुंचे 2 युवकों ने उसके दोनों मासूम बच्चों को सड़क पर छोड़ दिया और वहां से चले गए। महिला ने इनमें से एक युवक को बच्चों का पिता यानी अपना पति बताया है। बच्चों को सड़क पर देखकर वह उन्हें संभालने लगी, तभी ननद ने दोबारा उसके साथ मारपीट की और बाद में ऑटो से वहां से चली गई।
घटना के बाद कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार के सामने काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मारपीट का VIDEO सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और वायरल VIDEO के आधार पर घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।