बिलासपुर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान पनीर, एग बिरयानी और अरहर दाल के नमूने लिए गए।
विभाग की टीम ने चिंगराजपारा स्थित अमृततुल्य मिल्क प्रोडक्ट से पनीर का नमूना लिया। वहीं मंदिर चौक स्थित चिकन फैक्ट्री रेस्टोरेंट से एग बिरयानी का नमूना लिया गया। इसके अलावा रायपुर रोड तिफरा स्थित अपना मार्ट से शिकायत के आधार पर अरहर दाल का नमूना लिया गया।
खाद्य विभाग के अभिहित अधिकारी आर.आर. देवांगन ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर रोक लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।