बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के विजयापुरम कॉलोनी में सूने मकान से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली 29 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से करीब 38 हजार रुपये कीमत की चोरी गई सोने की चेन बरामद की गई है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार विजयापुरम कॉलोनी निवासी चंचल संतवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 सितंबर को उनकी मां अयोध्या यात्रा पर जाने से पहले घर के कीमती जेवर लॉकर में रखकर चाबी अलमारी में कपड़ों के नीचे छिपाकर गई थीं। 29 सितंबर को अलमारी की जांच करने पर जेवर का बॉक्स खाली मिला। घर का ताला और अलमारी का लॉकर खोलकर करीब 38 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी कर ली गई थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। विवेचना और प्राप्त जानकारी के आधार पर पड़ोस में रहने वाली कामनी बरानी पर संदेह हुआ। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में उससे पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी महिला ने चोरी करना स्वीकार किया।

पूछताछ में महिला ने बताया कि पड़ोस में रहने के कारण उसे घर की चाबी छिपाने की जगह और मकान के सूने रहने की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने मौका पाकर घर में प्रवेश किया और सोने की चेन चोरी कर ली।

आरोपी कामनी बरानी पति रवि बरानी (29), निवासी विजयापुरम अटल आवास, ब्लॉक E, मकान नंबर 08, थाना सरकंडा को 5 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर चोरी गई सोने की चेन बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 331(4), 305(a) के तहत कार्रवाई की है।