बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता पर हमले की साजिश के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल चला गया था और कई दिनों से फरार था। तारबाहर पुलिस और साइबर टीम ने CCTV फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे शिशिर कश्यप अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान उनके पिता ने फोन कर बताया कि वे करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचने पर 3 अज्ञात लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर वहां पहुंचे। उनके हाथ में डंडे और नुकीली वस्तु थी। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट की।

शिकायत के आधार पर तारबाहर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की गई और संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई।

इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी नितिन टेकाम, विधि से संघर्षरत एक बालक तथा आरोपी आंचल साहिल और नवीन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। वहीं मुख्य आरोपी दीपक तिवारी फरार था। उसकी तलाश में पुलिस और साइबर टीम लगातार संभावित ठिकानों पर निगरानी कर रही थी।

जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी नेपाल चला गया था। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दीपक तिवारी (29), निवासी पटेराटोला, थाना गौरेला, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।