
पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा, कब्जे से धारदार चाकू बरामद
बिलासपुर। ज्वाली नाला के पास धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले 21 वर्षीय युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया है। आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुजल गोरख (21), निवासी मन्नू चौक टिकरापारा, ज्वाली नाला के पास चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से धारदार चाकू मिला।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर में असामाजिक तत्वों और आदतन बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।