
25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर होगी गणना, कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए त्रुटिरहित काम के निर्देश
बिलासपुर। जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक नागरिकों की गणना की जाएगी। इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को मोबाइल एप के माध्यम से स्व-गणना का अवसर मिलेगा। जनगणना का काम समय-सीमा में और बिना त्रुटि के पूरा कराने के लिए नगर निगम कार्यालय के दृष्टि सभाकक्ष में जिला एवं चार्ज स्तरीय जनगणना अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर प्रशासनिक योजनाएं तैयार करने और विकास की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में मदद मिलती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी सटीक, तथ्यात्मक और विश्वसनीय होनी चाहिए। कोई भी व्यक्ति गणना से छूटना नहीं चाहिए और न ही किसी की दोहरी गणना होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्थान परिवर्तन के बाद व्यक्ति जिस क्षेत्र में निवास कर रहा है, उसकी गणना निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाए। इसके लिए सभी कर्मचारियों को सजगता और जिम्मेदारी से काम करना होगा, ताकि गणना के दौरान किसी तरह की परेशानी न आए।
मोबाइल एप से स्व-गणना की सुविधा
प्रशिक्षण में जनगणना के जॉइंट डायरेक्टर प्रदीप साव और राज्य सांख्यिकी अन्वेषक एवं बिलासपुर के जनगणना नोडल अधिकारी विशाल दीक्षित ने तकनीकी जानकारी दी। अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल एप के संचालन, निर्धारित प्रारूप में जानकारी दर्ज करने, आंकड़ों की प्रविष्टि और स्व-गणना की प्रक्रिया समझाई गई।
नागरिक 10 से 24 जनवरी 2027 तक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जाकर गणना की जाएगी।
प्रशिक्षण में निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, एडीएम शिव बनजा, अपर आयुक्त खजांची कुम्हार, सहायक जिला जनगणना अधिकारी झील जायसवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।