बिलासपुर। हाई कोर्ट के पास एयरपोर्ट रोड चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्रा कोचिंग से घर लौट रही थी, तभी सेंट्रल प्वाइंट होटल के करीब यह हादसा हुआ। गंभीर हालत में उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उसने दम तोड़ दिया। छात्रा के पिता छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में कोर्ट मास्टर के पद पर कार्यरत हैं।


जानकारी के अनुसार, रायपुर रोड निवासी जहान्वी सी. भूषण, पिता चंद्र भूषण डहरिया, कक्षा 11वीं में पढ़ती थी। शनिवार को वह कोचिंग से घर लौट रही थी। इसी दौरान हाई कोर्ट के पास सेंट्रल प्वाइंट होटल के करीब एयरपोर्ट रोड चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में जहान्वी गंभीर रूप से घायल हो गई।


घटना के बाद आसपास की दुकानों के संचालकों और राहगीरों ने घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। साथ ही उसके परिजनों को सूचना दी गई। परिजन अस्पताल पहुंचे और गंभीर हालत में जहान्वी को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार को उसकी मौत हो गई।


इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कोचिंग से घर लौट रही छात्रा की असमय मौत से परिजन सदमे में हैं।