
शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम, सरकंडा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह स्थित अपोलो चौक के पास महिला मित्र को घर लाने की बात पर चाचा और भतीजे के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान शराब के नशे में धुत चाचा ने सब्जी काटने वाले चाकू से भतीजे के सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, लिंगियाडीह निवासी धनीराम निषाद उर्फ कुदन अपने भतीजे अमित निषाद के साथ रहता था। देर रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच अमित अपनी महिला मित्र को घर लेकर आया था। इसी बात को लेकर चाचा-भतीजे के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और शराब के नशे में धुत धनीराम ने सब्जी-प्याज काटने वाले चाकू से अमित के सीने पर वार कर दिया। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित को एंबुलेंस से सिम्स अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी धनीराम निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।