बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में पत्नी के साथ कथित रूप से प्राणघातक मारपीट करने और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी एफआईआर दर्ज होने के बाद कुछ ही समय में कर ली गई।

पुलिस के मुताबिक परसदा निवासी आदित्य कौशिक ने 2 अक्टूबर को हिर्री थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि उसके जीजा आशीष कौशिक ने अपनी पत्नी सभ्या कौशिक के साथ हत्या की नीयत से मारपीट की, जिससे उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और प्रशिक्षु थाना प्रभारी पीएसआई लीलाधर देशमुख के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी आशीष कौशिक (31), निवासी बोड़सरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने मारपीट की घटना स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी को 4 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, प्रशिक्षु थाना प्रभारी पीएसआई लीलाधर देशमुख, सउनि राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र राजपूत, आरक्षक सुखदेव प्रसाद कश्यप और आरक्षक जितेन्द्र कुमार जगत की विशेष भूमिका रही।