कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में मकान का ताला तोड़कर तांबे और कांसे के बर्तन चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 7 तांबे के कलश-लोटे और 1 कांसे का लोटा बरामद किया गया है। चोरी में इस्तेमाल आरी और हथौड़ा भी पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को मनोज राज, उम्र 40 वर्ष, की शिकायत पर गनियारी स्थित एक मकान में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर तांबे और कांसे के बर्तन लेकर फरार हो गया था।

विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण और पूछताछ करने पर बाजारपारा गनियारी निवासी आदित्य मिश्रा, उम्र 20 वर्ष, पर संदेह सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर 7 तांबे के कलश-लोटे, 1 कांसे का लोटा, आरी और हथौड़ा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी आदित्य मिश्रा को 17 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, आरक्षक दीप सिंह कंवर, संजय श्याम, ज्वाला सिंह और धर्मेंद्र साहू की टीम ने की।