
बिलासपुर। हिंदुत्व और गौ रक्षा को अपनी विचारधारा का प्रमुख आधार बताने वाली भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक पदाधिकारी पर ही गौ माता के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। तिफरा क्षेत्र के कुंदरा पारा में गाय को रस्सी से बांधकर मारपीट करने के आरोप में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष प्रमोद गढ़ेवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। हिंदूवादी संगठनों और गौ सेवकों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार 25 अगस्त की देर रात करीब 1 बजे सूचना मिली कि कुंदरा पारा, तिफरा क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा खेत में फसल चरने के कारण एक गाय के पैर, पूंछ और सिर को रस्सी से बांधकर मारपीट की जा रही है। सूचना मिलने पर गौ सेवक निधि तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
आरोप है कि मौके पर मौजूद गौ पालक प्रमोद गढ़ेवाल और उनके परिवार ने कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कथित तौर पर यह कहते हुए विवाद किया कि गाय उनकी है और वे उसके साथ कुछ भी करें, किसी को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। इस दौरान गौ सेवकों के साथ गाली-गलौज करने और कथित रूप से हमला करने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है।
विवाद की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसके बाद हिंदू संगठन भगवा ब्रिगेड से जुड़े लोगों ने सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। संगठन की ओर से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने का आरोप लगाते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत कार्रवाई की मांग की गई, जबकि गौ सेवक निधि तिवारी की ओर से पशु के साथ क्रूरता किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पशु क्रूरता से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
हिंदूवादी संगठनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है कि गौ रक्षा और पशु संरक्षण की बात करने वाले राजनीतिक दल से जुड़े पदाधिकारी पर ही इस तरह के आरोप लगना गंभीर विषय है।