सर्व पंजाबी महिला समिति की प्रदेश अध्यक्ष रणजीत कौर दुआ और गुरुद्वारा दयालबंद के सचिव अमरजीत सिंह दुआ ने रायपुर में किया सम्मान, परिवार को भी दी बधाई
बिलासपुर। एशियन पैरा गेम्स में बैडमिंटन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश और बिलासपुर का नाम रोशन करने वाले शहर के होनहार खिलाड़ी अभिजीत सखुजा का आगमन पर आत्मीय स्वागत किया गया। जापान में आयोजित प्रतियोगिता में पदक जीतने की उपलब्धि पर सर्व पंजाबी महिला समिति की प्रदेश अध्यक्ष रणजीत कौर दुआ, गुरुद्वारा दयालबंद के सचिव अमरजीत सिंह दुआ और अपूर्वा ने रायपुर में फूलमालाओं से उनका स्वागत किया और बधाई दी।
इस अवसर पर रणजीत कौर दुआ और अमरजीत सिंह दुआ ने कहा कि अभिजीत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर बिलासपुर, छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि से पूरा समाज गौरवान्वित है। उन्होंने अभिजीत के माता-पिता, चाचा-चाची और परिवार के अन्य सदस्यों को भी बधाई दी। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा कमेटी की ओर से भी इस होनहार खिलाड़ी का स्वागत किया जाएगा।
ग्रीन गार्डन कॉलोनी निवासी अभिजीत सखुजा, आशीष सखुजा के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से बिलासपुर में खुशी का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे अभिजीत की सफलता को शहर के खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।